जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 13 मई की रात समता कॉलोनी स्थित शिवशक्ति मंदिर के पास हुई। मृतक की पहचान भावेश उर्फ पप्पू वीरानी के रूप में हुई है। उसकी मां ममता वीरानी ने बताया कि वह घर पर थीं, तभी भावेश के दोस्त आयुष सोनी का फोन आया। उसने बताया कि भावेश पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया है।
सूचना मिलते ही ममता वीरानी समता कॉलोनी पहुंचीं। वहां उन्होंने देखा कि उनका बेटा सड़क पर घायल हालत में पड़ा हुआ था और उसके कपड़े खून से सने हुए थे। आसपास काफी भीड़ जमा थी। उन्होंने लोगों और ऑटो चालकों से बेटे को अस्पताल पहुंचाने की मदद मांगी, लेकिन कोई आगे नहीं आया। इसके बाद उन्होंने परिचितों को बुलाया और उनकी मदद से भावेश को पहले मेट्रो अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के दोस्तों सत्यम सोनी और आयुष सोनी ने पुलिस को बताया कि पुरानी दुश्मनी के कारण शिवा चौधरी, आयुष रजक और अरुण रजक ने मिलकर भावेश पर हमला किया। आरोपियों ने चाकू और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके चेहरे, गले और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
रीतेश पांडे ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घटना के बाद क्षेत्र में डर और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।