जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने पति-पत्नी को बीच सड़क रोककर मारपीट की। हमले में युवक घायल हो गया, जिसके सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक गुरंदी निवासी 24 वर्षीय सुमित सोनकर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसने बेलबाग निवासी अंशिका सोनकर से सदर स्थित काली मंदिर में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से युवती के परिजन दोनों से नाराज चल रहे थे।
सुमित ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी अंशिका के साथ बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान न्यू मछली मार्केट के सामने पहले से मौजूद शुभम सोनकर और रिंकू सोनकर ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए अंशिका के साथ मारपीट शुरू कर दी।
जब सुमित ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान शुभम ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से सुमित के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर ओमती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।