जबलपुर। शहर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 19 मई 2026 को जारी नए रेट के अनुसार पेट्रोल, डीजल और प्रीमियम स्पीड पेट्रोल की कीमतों में करीब 1 रुपए तक की वृद्धि हुई है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ता नजर आ रहा है।
नए रेट के मुताबिक पेट्रोल की कीमत बढ़कर 110.74 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि 15 मई 2026 को इसकी कीमत 109.79 रुपए थी। इस तरह पेट्रोल के दाम में 95 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। वहीं डीजल अब 95.93 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि पहले इसकी कीमत 95.00 रुपए थी। डीजल के दाम में 93 पैसे का इजाफा हुआ है।
इसके अलावा प्रीमियम स्पीड पेट्रोल की कीमत भी बढ़ गई है। नया रेट 120.48 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि पहले यह 119.53 रुपए प्रति लीटर था। यानी स्पीड पेट्रोल में भी 95 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
लगातार बढ़ रहे ईंधन के दामों का असर अब आम लोगों के साथ-साथ परिवहन और बाजार व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। वाहन चालकों का कहना है कि बार-बार हो रही मूल्य वृद्धि से मासिक बजट प्रभावित हो रहा है। वहीं व्यापारियों का मानना है कि डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।