akhbaar update

पिसनहारी की मढ़िया में महिला श्रद्धालु के साथ हुई शर्मनाक वारदात, आरोपी फरार

 



जबलपुर। पिसनहारी की मढ़िया स्थित जैन धर्मशाला में रविवार रात एक महिला श्रद्धालु के साथ हुई शर्मनाक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जयपुर से दर्शन करने आई महिला के साथ धर्मशाला परिसर में बने सुलभ शौचालय के अंदर एक बदमाश ने चाकू की नोक पर छेड़छाड़ और लूटपाट की कोशिश की। घटना के बाद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार महिला अपने परिवार के साथ धर्मशाला में रुकी हुई थी। रात के समय वह शौचालय गई थी, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे एक युवक ने उसे रोक लिया। आरोपी ने महिला को डराने के लिए चाकू अड़ा दिया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। अचानक हुए हमले से घबराई महिला ने जोर-जोर से चीखना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग उसकी मदद के लिए दौड़ पड़े। भीड़ को अपनी ओर आता देख आरोपी मौके से भाग निकला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय धर्मशाला परिसर में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। यही वजह रही कि बदमाश आसानी से अंदर पहुंच गया। श्रद्धालुओं का कहना है कि देशभर से बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। घटना के बाद परिवारों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिली।

बताया जा रहा है कि भागते समय आरोपी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने धर्मशाला परिसर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद श्रद्धालुओं ने धर्मशाला प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और परिसर में गार्ड तैनात करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update