नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले स्थित प्रसिद्ध बरमान घाट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। नर्मदा नदी में स्नान के दौरान एक महिला सहित चार लोग गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों की चीख-पुकार सुनते ही स्थानीय नाविक तुरंत मदद के लिए नदी में कूद पड़े और बहादुरी दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद घाट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी में पानी का बहाव तेज था और लोग गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए, जिसके कारण वे डूबने लगे। समय रहते नाविकों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया, जिससे चारों लोगों की जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक पिछले एक सप्ताह में बरमान घाट पर डूबने की 5 से 6 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से बार-बार अपील की जा रही है कि वे गहरे पानी में न जाएं और बच्चों को स्नान कराते समय विशेष सावधानी रखें।
इसके बावजूद कई लोग लापरवाही बरतते हुए नदी के गहरे हिस्सों में चले जाते हैं, जिससे बड़े हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।