akhbaar update

ट्विशा शर्मा मौत मामला: CID जांच की मांग तेज, आज हाईकोर्ट में समर्थ सिंह की जमानत पर सुनवाई

 


जबलपुर/भोपाल। भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में हर दिन नए खुलासे और आरोप सामने आ रहे हैं। अब मृतका के परिजनों ने स्थानीय पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की जांच CID से कराने की मांग तेज कर दी है। वहीं मामले के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर आज शुक्रवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। यह सुनवाई जस्टिस एके सिंह की समर वेकेशन बेंच में दोपहर 2:30 बजे होगी।

ट्विशा शर्मा के परिवार का आरोप है कि समर्थ सिंह द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना दिए जाने के कारण ही ट्विशा ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। घटना के बाद से समर्थ सिंह फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने उस पर 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। परिवार ने साफ कहा है कि वे हाईकोर्ट में समर्थ की अग्रिम जमानत का विरोध करेंगे।

इधर ट्विशा की सास और पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को चुनौती देते हुए परिवार ने हाईकोर्ट में अलग याचिका दायर की है। परिवार के वकील आयुष तिवारी ने दावा किया है कि ट्विशा और उसकी सास के बीच हुए व्हाट्सएप चैट से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के संकेत मिलते हैं। परिवार का कहना है कि मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को दबाया जा रहा है। साथ ही शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की तैयारी भी की जा रही है।

मृतका के पिता नवनिधि शर्मा ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार को पत्र लिखकर कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे को जांच से हटाने और मामले की जांच CID से कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं कर रही और कई अहम बिंदुओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्विशा की मौत सामान्य घटना नहीं है और यदि सही तरीके से जांच हुई तो कई बड़े राज सामने आ सकते हैं।

परिजनों का कहना है कि शुरू से ही जांच प्रक्रिया पर संदेह बना हुआ है। ऐसे में अब पूरा परिवार चाहता है कि किसी स्वतंत्र एजेंसी द्वारा मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। मामले को लेकर प्रदेशभर में चर्चा तेज हो गई है और सभी की नजर अब हाईकोर्ट की सुनवाई और आगे की जांच पर टिकी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update