akhbaar update

88 लाख लेकर भी नहीं सौंपा पेट्रोल पंप, दूसरे को बेचने का आरोप; महिला संचालक समेत दो पर धोखाधड़ी का केस

 



जबलपुर। पेट्रोल पंप बेचने के नाम पर लाखों रुपये लेने और बाद में उसी संपत्ति को किसी अन्य व्यक्ति को बेच देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर अधारताल पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालक महिला और उसके सहयोगी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कटंगी रोड स्थित कुसली क्षेत्र में संचालित पेट्रोल पंप के संचालक दीपिका सिंह राजपूत और अनिकेत सिंह राजपूत ने सुहागी निवासी विशाल जैन (36) से पेट्रोल पंप बेचने का सौदा 80 लाख रुपये में तय किया था। इस संबंध में दोनों पक्षों के बीच विक्रय अनुबंध भी किया गया था।

तय रकम से ज्यादा भुगतान का आरोप

विशाल जैन का आरोप है कि उन्होंने चेक, आरटीजीएस और यूपीआई के माध्यम से आरोपियों को कुल 88 लाख रुपये का भुगतान किया, जो तय कीमत से भी अधिक था। भुगतान के बाद भी पेट्रोल पंप उनके नाम नहीं किया गया।

दूसरे व्यक्ति को बेच दिया पेट्रोल पंप

शिकायतकर्ता के अनुसार दिसंबर 2025 में उन्हें जानकारी मिली कि दीपिका और अनिकेत ने वही पेट्रोल पंप किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। इसके बाद उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपियों ने पहले टालमटोल की और बाद में पैसे लौटाने से इंकार कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की शिकायत मिलने के बाद अधारताल थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update