akhbaar update

नगर निगम की जनसुनवाई में 73 आवेदनों पर हुई कार्रवाई, लोगों को मिली राहत

 

    


जबलपुर नगर निगम द्वारा शहर में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ नागरिकों की समस्याओं के समाधान पर भी लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय सहित शहर के सभी 16 संभाग कार्यालयों में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाई गई।

नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि मुख्यालय में कुल 53 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें अतिक्रमण विभाग से जुड़े 8 आवेदन, भवन शाखा के 14, स्वास्थ्य विभाग के 9, जल विभाग के 2, कॉलोनी सेल के 1, राजस्व विभाग के 2, बाजार विभाग के 5 तथा अन्य विभागों से संबंधित आवेदन शामिल रहे।

इसके अलावा शासकीय योजना, एनयूएलएम, उद्यान, प्रकाश, संपदा, लोककर्म, वित्त, सीवर, कार्यालय अधीक्षक, निर्वाचन और संभाग क्रमांक 15 से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं। सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं कुछ मामलों का स्वास्थ्य और राजस्व विभाग द्वारा मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि मुख्यालय के साथ-साथ शहर के सभी 16 संभाग कार्यालयों में भी जनसुनवाई आयोजित की गई, जहां कुल 20 प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि नागरिकों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की शिकायतें सीधे अधिकारियों तक पहुंच रही हैं, जिससे समस्याओं के निराकरण में तेजी आई है।

जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी और विभागीय प्रमुख भी उपस्थित रहे। निगम प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में भी इसी तरह नियमित रूप से जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाता रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update