नरसिंहपुर/जबलपुर। नरसिंहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार में अवैध शराब की तस्करी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार से 27 पेटी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8.40 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में शराब की खेप जबलपुर से सप्लाई किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार एमपी-20-एक्सबी-2757 नंबर की कार में डेलन मल्लाह (26) और मुजम्मिल उस्मानी (19) अवैध शराब लेकर नरसिंहपुर से करेली की ओर जा रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने करेली बायपास रोड स्थित इमलिया पुल के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर कार छोड़ भागे तस्कर
पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी कार से कूदकर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी लेने पर 27 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
17 कार्टन मसाला और 10 कार्टन प्लेन शराब बरामद
जब्त शराब में 17 कार्टन देसी मसाला शराब और 10 कार्टन देसी प्लेन मदिरा शामिल है। पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जबलपुर कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि शराब की यह खेप जबलपुर से नरसिंहपुर लाई गई थी और वहां से करेली भेजी जा रही थी। अब पुलिस शराब सप्लाई करने वाले नेटवर्क और इसके पीछे शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।