जबलपुर। रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में एनएसयूआई ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के स्थापना दिवस पर महिला कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र भाजपा के संभागीय कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें रानीताल इलाके में ही रोक लिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर की “अर्थी” जलाने की तैयारी में थे। पुलिस ने पहले बैरिकेड लगाकर समझाइश दी, लेकिन भीड़ के आगे बढ़ने पर हालात बिगड़ गए। इसके बाद पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
NSUI की राष्ट्रीय महासचिव देवकी पटेल ने आरोप लगाया कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने अनावश्यक बल प्रयोग किया। वहीं कांग्रेस से जुड़े सौरभ शर्मा ने इसे छात्रों और महिलाओं की आवाज दबाने की कार्रवाई बताया।
दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता बैरिकेड पार करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके चलते बल प्रयोग करना पड़ा। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही।