जबलपुर। गेहूं उपार्जन के दौरान अनियमितता रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश और एसडीएम अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन में बरखेड़ा क्षेत्र के कई वेयरहाउस सील किए गए हैं।
औचक निरीक्षण में खुलासा
प्रशासनिक टीम ने बरखेड़ा ब्रांच के गोदामों का निरीक्षण किया, जहां गेहूं का स्टॉक पाए जाने पर एमपीडब्ल्यूएलसी के गोदाम क्रमांक 12, 14, 15, 17, 18 और 21 को सील कर दिया गया। कार्रवाई का उद्देश्य खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है।
निजी गोदाम भी आए निशाने पर
पनागर के शुभी अक्षय वेयरहाउस (गोदाम 35), सिंगोद के मैना वेयरहाउस और सिमरिया के शुभी एग्रो लॉजिस्टिक्स में भी गेहूं मिलने पर सील की कार्रवाई की गई। इससे संचालकों में हड़कंप मच गया है।
पारदर्शिता पर जोर
एसडीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि अन्य गोदामों—मां रेवा वेयरहाउस, अनुश्री वेयरहाउस और नर्मदा एग्रो—पर भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपार्जन में किसी भी तरह का अवैध या पुराना स्टॉक इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा।