जबलपुर। नगर निगम की बजट बैठक एक बार फिर हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक की शुरुआत महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के अभिभाषण से हुई, लेकिन शुरुआत से ही सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
महापौर ने अपने बजट भाषण में शेरो-शायरी के जरिए शहर के विकास कार्यों की बात रखी। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद उनके लिए समान हैं और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि नेता प्रतिपक्ष के वार्ड में भी स्मार्ट सिटी के तहत करोड़ों के काम कराए गए हैं।
इस दौरान महापौर ने विपक्ष पर निगम की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाया, जिससे माहौल और गरमा गया। दोनों पक्षों के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप चलते रहे और बैठक में शोर-शराबा बढ़ता गया।
जब विपक्ष को बोलने का मौका मिला, तो नेता प्रतिपक्ष अमरेश मिश्रा ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन दिन चलने वाली बैठक को एक ही दिन में खत्म कर दिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि कई विकास कार्य बिना चर्चा के ही शुरू कर दिए जाते हैं।
लगातार हंगामे और बहस के कारण बजट बैठक विवादों में घिर गई और सदन का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।