akhbaar update

सूदखोरों के जाल में फंसा गरीब परिवार, पुश्तैनी मकान हड़पने की साजिश का आरोप




जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के ढलगर मोहल्ला में एक गरीब परिवार सूदखोरी और भू-माफियाओं के जाल में फंस गया । पीड़ित मोहम्मद सईद ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि कर्ज के नाम पर उनका पुश्तैनी मकान हड़पने की साजिश रची जा रही है।

इलाज के लिए लिया था कर्ज
जानकारी के अनुसार करीब 11 माह पहले मोहम्मद सईद ने अपनी बीमारी के इलाज के लिए पड़ोसी असलम खान की मध्यस्थता से अशोक खत्री से 2 लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बदले 495 वर्गफीट के मकान के मूल दस्तावेज गिरवी रखे गए थे।

ब्याज के नाम पर बढ़ता दबाव
सईद का कहना है कि वह अब तक करीब 20 हजार रुपये ब्याज दे चुका है, लेकिन इसके बावजूद उससे 70 हजार रुपये अतिरिक्त ब्याज की मांग की जा रही है। आर्थिक तंगी के चलते इतनी बड़ी रकम देना उसके लिए संभव नहीं है।

मकान पर कब्जे की कोशिश
आरोप है कि रकम नहीं देने पर आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर मकान पर कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी है। फिलहाल घर के मुख्य दरवाजे पर कब्जा कर लिया गया है और वहां दीवार खड़ी कर परिवार के आने-जाने का रास्ता बंद करने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
इस मामले में पीड़ित ने 17 फरवरी 2026 को हनुमानताल थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे परिवार में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

वरिष्ठ अधिकारियों से लगाई गुहार
पीड़ित परिवार ने अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की मांग की है, ताकि उनका घर बचाया जा सके और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update