akhbaar update

देर रात खिड़की से बिक रही शराब, सिस्टम पर उठे सवाल

 



जबलपुर - देर रात अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आने से शहर में हलचल मच गई है। धनवंतरी नगर और गढ़ा इलाके से सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि तय समय के बाद भी दुकानों से चोरी-छिपे शराब बेची जा रही है। इससे पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो में साफ नजर आता है कि दुकान बंद होने के बाद भी साइड में बनी छोटी खिड़की से रात करीब 12 बजे से 1 बजे तक शराब दी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब खुलेआम हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कोई सख्त कदम नहीं उठा रहे हैं।

एक वीडियो में देखा गया कि एक युवक रात करीब 12:30 बजे बीयर लेने पहुंचा। उसने दो बीयर के पैसे दिए, लेकिन उसे एक ही बीयर दी गई। जब उसने बाकी पैसे मांगे, तो खिड़की बंद कर दी गई। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।

रहवासियों का आरोप है कि दुकानें बंद होने के बाद भी शटर के नीचे या खिड़की से शराब मिलती है और रात में इसकी कीमत भी ज्यादा वसूली जाती है। उनका कहना है कि यह सब बिना संरक्षण के संभव नहीं है।

लोगों का यह भी कहना है कि देर रात शराब मिलने से इलाके में झगड़े और गलत गतिविधियां बढ़ रही हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई सिर्फ दिखावे तक सीमित रहती है। पुलिस के आने के बाद थोड़ी देर के लिए सब बंद होता है, लेकिन फिर से बिक्री शुरू हो जाती है।

अब लोग मांग कर रहे हैं कि प्रशासन इस मामले में सख्त कार्रवाई करे ताकि अवैध बिक्री पर रोक लग सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update