जबलपुर। शासकीय महाकोशल स्वशासी महाविद्यालय में नारी शक्ति वंदन पखवाड़े के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ लेखिका डॉ. निशा तिवारी ने कहा कि महिलाएं केवल शक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज की नींव होती हैं। उन्होंने छात्राओं को अपनी क्षमता पहचानने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. राजलक्ष्मी त्रिपाठी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम्स की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में पढ़ाई के साथ हुनर भी बहुत जरूरी है। वहीं, प्राध्यापक डॉ. चित्रा प्रभात ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और नीतियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. अरुण शुक्ल ने कहा कि देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का सम्मान किया गया।
इस दौरान महाविद्यालय के कई शिक्षक और लगभग 40 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।