जबलपुर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर सिटी सर्किल में सुरक्षा उपकरणों की कमी को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है। इस संबंध में मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा से मुलाकात कर समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
मुलाकात के दौरान संघ ने बताया कि सिटी सर्किल में कार्यरत नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण समय पर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। कर्मचारियों को हैंड ग्लव्स, हेलमेट, बांस की सीढ़ी, प्लास, टेस्टर, झूला और पाना जैसे जरूरी उपकरणों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई सब स्टेशनों में फर्स्ट एड बॉक्स, ऑपरेटिंग रॉड, डिस्चार्ज रॉड और अग्निशमन यंत्र जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं, जिससे कार्य के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
बैठक में उत्तर संभाग में कार्य के दौरान एक आउटसोर्स कर्मचारी की मृत्यु का मामला भी उठाया गया। इस पर अधीक्षण अभियंता ने जानकारी दी कि मृतक के आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने के आदेश जारी किए जा चुके हैं और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कर्मचारियों ने एक्स्ट्रा वेतन, नाइट ड्यूटी भत्ता और अनुशासनात्मक कार्रवाई से जुड़े मुद्दे भी उठाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भत्तों का भुगतान संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर किया जा रहा है। साथ ही आश्वासन दिया गया कि अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा और भविष्य में कर्मचारियों के मामलों में संवेदनशीलता बरती जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में संघ के पदाधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।