जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने मंगलवार को रांझी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान के तहत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की सफाई, कचरा प्रबंधन और सौंदर्यीकरण के कामों का जायजा लिया। अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि सभी काम समय पर पूरे हों और शहर की सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के बाद निगमायुक्त ने एक मानवीय पहल करते हुए बीमार वार्ड सुपरवाइजर फरीद के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत डॉक्टर से फोन पर बात की और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई, ताकि कर्मचारी को समय पर सही उपचार मिल सके।
इस दौरान उन्होंने फरीद की छोटी बेटियों से भी मुलाकात की, उन्हें प्यार से समझाया और हिम्मत बढ़ाई। इस संवेदनशील व्यवहार से परिवार को काफी राहत मिली।
निगमायुक्त के इस कदम की कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सराहना की है।