जबलपुर/कटनी। 15 अप्रैल को कटनी रेलवे स्टेशन पर कई बच्चों को ट्रेन से उतारा गया था। ये बच्चे बिहार के अररिया जिले से लातूर और नांदेड़ के मदरसों में पढ़ाई के लिए ले जाए जा रहे थे। शक होने पर इन्हें रोककर कटनी और जबलपुर के बाल सुरक्षा गृह में रखा गया।
अब तक 3 बच्चों को बिहार वापस भेजा जा चुका है। बाकी 160 बच्चों को भी एक-दो दिन में ट्रेन से बिहार भेजने की तैयारी चल रही है। इसके लिए अररिया प्रशासन से 15 बच्चों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
इन बच्चों को बाल कल्याण समिति और जीआरपी की निगरानी में भेजा जाएगा और वहां की बाल कल्याण समिति को सौंपा जाएगा। रेलवे से इसके लिए बोगियां मांगी गई हैं।
शिक्षकों से पूछताछ के बाद छोड़ा गया
इस मामले में 8 शिक्षकों को पुलिस ने पकड़ा था। उनसे कई बार पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि वे बच्चों को पढ़ाई के लिए मदरसों में ले जा रहे थे। जांच में कोई पुख्ता सबूत नहीं मिलने पर सभी शिक्षकों को छोड़ दिया गया।
पुलिस की टीम महाराष्ट्र के नांदेड़ और लातूर भी जांच के लिए गई थी, लेकिन वहां भी कोई खास जानकारी नहीं मिली।