जबलपुर। खितौला इलाके में रविवार सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। मझगवां रोड पर हिरन नदी के पास बने मुक्तिधाम में एक युवक का शव चिता के ऊपर मिला।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम एक महिला का अंतिम संस्कार यहां किया गया था। रविवार सुबह जब परिवार के लोग फिर से कुछ धार्मिक काम के लिए पहुंचे, तो उन्होंने चिता पर एक युवक को मृत हालत में देखा। यह देखकर सभी लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को खबर दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में युवक की पहचान 27 साल के शिवम उर्फ शिब्बू कोल के रूप में हुई, जो खितौला के ही राधा कृष्ण मंदिर के पास रहता था।
परिजनों ने बताया कि शिवम कुछ समय से मानसिक परेशानी में था। पुलिस को शक है कि उसने चिता पर कूदकर अपनी जान दी है, लेकिन अभी पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हर पहलू से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि शिवम के दो छोटे बच्चे भी हैं।