जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस ने बाजार क्षेत्रों में गलत पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। अभियान के तहत समझाइश के बाद भी सड़क पर वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम लगातार बाजारों में अलाउंसमेंट कर रही है। वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने की सलाह दी जा रही है।
नगर निगम द्वारा भंवरताल, मानस भवन, श्रीनाथ की तलैया सहित कई स्थानों पर चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद गोरखपुर बाजार, सदर बाजार, सिविक सेंटर, जयन्ती कॉम्प्लेक्स, भंवरताल गार्डन, इंद्रा मार्केट और डिलाइट मार्केट जैसे व्यस्त इलाकों में कई लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है।
ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ व्हील लॉक लगाकर कार्रवाई की गई। मार्च माह में 84 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई करते हुए 42 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, ताकि शहर में जाम की समस्या से बचा जा सके।