जबलपुर। शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच और सिहोरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने देर शाम कार्रवाई करते हुए 3 महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 26 किलो 978 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 13 लाख 48 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को गुरुवार शाम करीब 6 बजे सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग कटनी की ओर से बस के जरिए गांजा लेकर सिहोरा क्षेत्र में उतरने वाले हैं। सूचना मिलते ही टीम ने मनसकरा तिराहे पर घेराबंदी कर दी। थोड़ी देर बाद बताए गए हुलिये के लोग वहां दिखे, जिन्हें रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके बैग से करीब 18 किलो से ज्यादा गांजा मिला।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ गांजा पहले ही कुसनेर गांव में एक व्यक्ति को दिया जा चुका है। इसके बाद पुलिस ने रात करीब 9 बजे कुसनेर में दबिश दी और एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके घर से भी करीब 9 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है, जिसकी जांच जारी है।