जबलपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर को शीर्ष स्थान दिलाने के लिए नगर निगम ने अब अभियान को जनभागीदारी से जोड़ दिया है। इसी पहल के तहत निगम अध्यक्ष, पार्षद और आम नागरिक खुद मैदान में उतरकर सफाई अभियान चला रहे हैं, ताकि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम न रहकर जन-आंदोलन बन सके।
इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए वार्ड स्तर पर स्वच्छता प्रतियोगिता शुरू की गई है। इसका उद्देश्य अलग-अलग वार्डों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा पैदा करना है, जिससे हर गली-मोहल्ला साफ-सुथरा दिखाई दे।
अभियान के दौरान निगम अध्यक्ष ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और संदेश दिया कि कचरा न फैलाना और दूसरों को भी ऐसा करने से रोकना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इस दौरान शहर के कई इलाकों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने झाड़ू उठाकर श्रमदान किया और सफाई के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करते हुए डस्टबिन के उपयोग और गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की जानकारी दी।
निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने कहा कि जबलपुर हम सभी का घर है और इसे साफ-सुथरा रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।