जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मुफ्त में भूसा भरवाने की बात को लेकर हुए झगड़े में मारपीट के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राहुल पटेल (28), निवासी कमला नेहरू नगर, यादव कॉलोनी गढ़ा रोड मदनमहल ने बताया कि वह भूसा मशीन चलाने का काम करता है। मंगलवार रात करीब 8 बजे वह अपने मामा विकास कुशवाहा के साथ मंगेला नया मोहल्ला में बरा के पेड़ के पास ट्रैक्टर का इंतजार कर रहा था।
तभी मिलन यादव अपने साथी बब्बू यादव और दो अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। उसने राहुल से ट्रैक्टर में भूसा भरकर घर छोड़ने को कहा। राहुल ने प्रति ट्रॉली 3 हजार रुपये किराया बताया, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि मिलन यादव मुफ्त में काम कराने पर अड़ गया। इंकार करने पर आरोपियों ने राहुल और उसके मामा के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दो लोगों ने विकास कुशवाहा को पकड़ लिया, जबकि मिलन यादव ने फरसा बब्बू यादव को थमा दिया, जिसने हमला करने की कोशिश की। बचाव के दौरान फरसा का बट राहुल के सीने में लगा।
घटना के बाद जब राहुल और उसका मामा वहां से भागने लगे, तो आरोप है कि मिलन यादव ने पिस्टल से फायरिंग कर दहशत फैलाई और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में दोनों को चोटें आई हैं।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।