जबलपुर - करमचंद चौक बाजार क्षेत्र से एक व्यापारी तकनीकी दिक्कत के बहाने ठगी का शिकार हो गया। आरोपी ने उसके बैंक खाते से 2 लाख 8 हजार रुपये पार कर दिए।
तुलसी नगर निवासी पंकज जैन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि करमचंद चौक के पास उनका “क्लासिक मार्केटिंग” नाम से व्यापार है। घटना 27 से 29 मार्च के बीच की बताई जा रही है।
पीड़ित के अनुसार, उनके मोबाइल में अचानक खराबी आने लगी। फोन की स्क्रीन बार-बार बंद हो रही थी और उस पर अपडेट से जुड़े मैसेज दिखाई दे रहे थे। स्थिति यह हो गई थी कि मोबाइल पूरी तरह से काम करना बंद कर चुका था।
पंकज जैन ने बताया कि उन्होंने मोबाइल को कुछ समय के लिए अलग रख दिया और अपने काम में लग गए। इसी दौरान 29 मार्च को उनके मोबाइल पर बैंक से पैसे निकलने के मैसेज आने लगे। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से कुल 2 लाख 8 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह रकम इंडियन बैंक की मढ़ाताल शाखा में मौजूद खाते से पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए निकाली गई। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कोई भी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन नहीं किया है और न ही किसी को बैंक संबंधी जानकारी दी है।
पुलिस इस पूरे मामले को साइबर फ्रॉड मानकर जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों ने किस तरह इस वारदात को अंजाम दिया।