जबलपुर। मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय द्वारा घोषित बीडीएस अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणामों में शहर की अनन्या मिश्रा ने शानदार सफलता हासिल की है। अधारताल स्थित न्यू राम नगर निवासी अनन्या ने पूरे प्रदेश की प्रावीण्य सूची में टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
हितकारिणी डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की छात्रा अनन्या की इस उपलब्धि से कॉलेज प्रबंधन और सहपाठियों में खुशी का माहौल है। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
अनन्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता मीरा मिश्रा, पिता संजय मिश्रा और अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।
उन्होंने बताया कि स्नातक स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के बाद अब उनका लक्ष्य एमडीएस कर दंत चिकित्सा के क्षेत्र में विशेषज्ञ बनना है।
अनन्या की इस उपलब्धि पर शहर के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।