जबलपुर। निजी स्कूलों में किताबों की बढ़ती कीमत और अनियमितताओं के विरोध में मानव अधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन ने सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
संगठन के प्रतिनिधिमंडल में डॉ अजय वाधवानी (अध्यक्ष), भावना निगम, आशीष त्रिपाठी, आशुतोष चतुर्वेदी, डॉ अशोक मिथवानी और बिनिता शामिल रहीं। उन्होंने कलेक्टर से मुलाकात कर बताया कि निजी स्कूलों में किताबों की कीमतों को लेकर मनमानी की जा रही है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि पुस्तक विक्रेताओं की अनियमितताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए जा चुके हैं और मामले की जांच जारी है। इस मामले से जुड़ा एक प्रकरण न्यायालय में भी चल रहा है, जिसमें प्रशासन गंभीरता से अपना पक्ष रख रहा है।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस मामले में संगठन को भी पक्षकार बनाया जा सकता है, ताकि वह अभिभावकों और छात्रों के हित में अपनी बात मजबूती से रख सके।