जयपुर। राजस्थान इंटेलिजेंस और एयरफोर्स की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सिविलकर्मी को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों को भारतीय वायुसेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी भेजने का आरोप है।
प्रयागराज का रहने वाला है आरोपी
एडीजी इंटेलिजेंस प्रफुल्ल कुमार के अनुसार, आरोपी सुमित कुमार (36) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का निवासी है। वह असम के डिब्रूगढ़ स्थित एयरफोर्स स्टेशन चाबुआ में एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) के रूप में कार्यरत था।
कैसे खुला मामला
इस पूरे मामले की शुरुआत जनवरी 2026 में जैसलमेर निवासी झबरा राम की गिरफ्तारी से हुई थी। पूछताछ में सुमित कुमार का नाम सामने आया, जिसके बाद उस पर नजर रखी गई और कार्रवाई की गई।
2023 से संपर्क में था आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी 2023 से पाकिस्तानी एजेंसियों के संपर्क में था और पैसों के बदले गोपनीय जानकारी साझा कर रहा था। उसने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी भेजी।
क्या-क्या जानकारी की लीक
आरोपी ने एयरफोर्स स्टेशन चाबुआ के अलावा एयरफोर्स स्टेशन नाल सहित अन्य सैन्य ठिकानों की जानकारी भी साझा की। इसमें लड़ाकू विमानों, मिसाइल सिस्टम, और अधिकारियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी शामिल है।
कानूनी कार्रवाई
आरोपी को जयपुर लाकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 और बीएनएस एक्ट 2023 की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई से एक बड़े जासूसी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही हैं।