जबलपुर। शहर में Ola Electric की खराब सर्विस व्यवस्था को लेकर सोमवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ। नाराज वकीलों ने सर्विस सेंटर के बाहर हंगामा करते हुए ताला जड़ दिया।
महीनों से खड़ी हैं गाड़ियां
प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ता जीएस ठाकुर ने बताया कि उन्होंने करीब ढाई साल पहले 1.54 लाख रुपए में ओला स्कूटर खरीदी थी। दिसंबर में दुर्घटना के बाद उन्होंने इंश्योरेंस के तहत वाहन सर्विस सेंटर में जमा कराया, लेकिन 4 महीने बाद भी मरम्मत नहीं हो पाई।
स्पेयर पार्ट्स की कमी से बढ़ी परेशानी
वकीलों का आरोप है कि कंपनी समय पर स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध नहीं करा रही है, जिसके कारण कई स्कूटर महीनों से सेंटर में खड़े हैं। साथ ही वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी भी मौजूद नहीं रहता, जिससे शिकायत करना भी मुश्किल हो जाता है।
कंपनी के दावे फेल
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वाहन खरीदते समय बेहतर सर्विस का वादा किया गया था, लेकिन हकीकत इसके उलट है। लंबे समय तक गाड़ी खड़ी रहने से उपभोक्ताओं को आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कार्रवाई की मांग
वकीलों ने कंपनी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, विरोध जारी रहेगा।