जबलपुर। उच्च शिक्षा विभाग ने जबलपुर संभाग के सभी शासकीय और अनुदान प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों में स्टाफ की उपस्थिति को लेकर नया आदेश जारी किया है। अब कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों को तय समय तक कॉलेज में रहना अनिवार्य होगा।
आदेश के अनुसार कॉलेज के शैक्षणिक स्टाफ (शिक्षकों) को रोजाना कम से कम 6 घंटे 40 मिनट तक कॉलेज में रहना होगा। वहीं अशैक्षणिक स्टाफ को 8 घंटे तक कॉलेज में उपस्थित रहना होगा।
इस संबंध में संभाग के सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को पत्र भेजा गया है। पत्र में बताया गया है कि अब स्टाफ की उपस्थिति सार्थक एप के माध्यम से दर्ज की जाएगी।
निर्देश में कहा गया है कि सार्थक एप में उपस्थिति दर्ज करते समय यह सुनिश्चित किया जाएगा कि शिक्षक 6 घंटे 40 मिनट और अन्य कर्मचारी 8 घंटे तक कॉलेज में मौजूद रहें। उपस्थिति भी इसी समय के आधार पर मानी जाएगी।