जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। हमले में युवक के सिर, गर्दन और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित आकाश दाहिया (28) निवासी ग्राम इमलई, थाना पनागर, हाल पता आईटीआई माढ़ोताल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आकाश मेहफिल बार में कुक का काम करता है। उसने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे वह अपने साले अनुराग झारिया के साथ मोटरसाइकिल से नक्षत्र नगर माढ़ोताल से कमरे की ओर लौट रहा था।
श्रीराम कॉलेज रोड पर पहुंचते ही एक बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास आए और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। आकाश ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और चाकू से हमला कर दिया। हमले में आकाश के सिर, गर्दन और कंधे में चोटें आईं।
घटना के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।