akhbaar update

जबलपुर नगर निगम में समीक्षा बैठक: विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – आयुक्त



जबलपुर। नगर निगम के आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को तेज करने के लिए अहम समीक्षा बैठक की। उन्होंने साफ कहा कि जनहित के कामों में किसी भी तरह की ढिलाई सहन नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को तय समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनगणना और हाउस नंबरिंग पर विशेष जोर

राष्ट्रीय जनगणना से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने हाउस नंबरिंग को सबसे पहली प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि 9 मार्च तक हर हाल में हाउस नंबरिंग का काम पूरा किया जाए। इसके लिए सुबह 7 बजे से ही निगम का अमला मैदान में उतरकर अभियान चलाएगा। सभी विभागों के अधिकारियों को इस कार्य में सक्रिय भागीदारी करने को कहा गया है, ताकि सही और समय पर आंकड़े तैयार हो सकें।

राजस्व वसूली तेज करने के निर्देश, अवकाश पर रोक

नगर निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए राजस्व वसूली की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने 31 मार्च तक वसूली से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है। केवल विशेष परिस्थिति में ही छुट्टी दी जाएगी। कर्मचारियों को सुबह 7 बजे से फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कहा गया कि वसूली के दौरान आम लोगों से शालीन और विनम्र व्यवहार रखा जाए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती

बैठक में लोक निर्माण विभाग के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति भी जांची गई। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य समय पर पूरे हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। तकनीकी अधिकारियों को निर्माण स्थल पर जाकर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अपर आयुक्त अरविंद शाह, मनोज श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव और अंजू सिंह ठाकुर सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update