टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम एक नए विवाद में घिर गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम के एक खिलाड़ी पर श्रीलंका के कैंडी में होटल की महिला कर्मचारी के साथ कथित छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है।
बताया जा रहा है कि यह घटना कैंडी के गोल्डन क्राउन होटल में हुई, जहां पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट के दौरान ठहरी हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 मैच से पहले टीम का एक खिलाड़ी होटल की महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी के साथ कथित रूप से बदसलूकी करने लगा। महिला कर्मचारी के शोर मचाने पर होटल स्टाफ मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला।
घटना की जानकारी मिलने के बाद होटल प्रबंधन ने तुरंत पाकिस्तान टीम के मैनेजर नावीद चीमा को इसकी सूचना दी। रिपोर्ट्स के अनुसार होटल प्रबंधन खिलाड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना चाहता था, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने खिलाड़ी की ओर से माफी मांग ली।
इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने आंतरिक कार्रवाई करते हुए संबंधित खिलाड़ी पर जुर्माना लगा दिया। हालांकि अभी तक उस खिलाड़ी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट टीम की छवि को लेकर सवाल उठने लगे हैं।