कटनी। जिले के बिलहरी चौकी क्षेत्र के ग्राम घुघरा के पास बुधवार 4 मार्च की दोपहर घरेलू गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। होली के बीच हुए इस हादसे में बड़ी दुर्घटना टल गई, क्योंकि किसी भी सिलेंडर में रिसाव या आग नहीं लगी। हालांकि ट्रक चालक को चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि ट्रक घुघरा रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। ट्रक पलटते ही गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बिलहरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। चौकी प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में चालक की लापरवाही सामने आ रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं चालक नशे में तो नहीं था। इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद होगी।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की और गैस एजेंसी को बुलाकर सिलेंडरों को दूसरे वाहन से सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क पर यातायात बहाल किया जा सका।