akhbaar update

जबलपुर में होली से पहले खाद्य सुरक्षा की कार्रवाई: 50 किलो दूषित मिठाई नष्ट, सैंपल जांच को भेजे

 



जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर होली के पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने शहर में मिठाई दुकानों की जांच की। जांच के दौरान अधारताल और अंधेरदेव इलाके की दो दुकानों पर कार्रवाई की गई। टीम ने दूषित मिठाई नष्ट कराई और कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे।


अंधेरदेव स्थित श्रीराम स्वीट्स एंड नमकीन से छैना और नमकीन के सैंपल लिए गए। वहीं अधारताल चौक स्थित श्री स्वीट्स एंड बेकरी में करीब 50 किलो छैना (चमचम) कीट और कॉकरोच से दूषित मिला। इसे नगर निगम की टीम की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट कराया गया।


कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक मुकेश तिवारी ने विरोध किया, जिसके बाद पुलिस बल बुलाकर कार्रवाई पूरी कराई गई। निरीक्षण में यह भी शक जताया गया कि चांदी वर्क की जगह एल्यूमिनियम फॉयल का इस्तेमाल हो रहा है। इस पर मलाई रोल का नमूना लेकर उसे जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।


खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने अमानक पाए जाते हैं तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत न्यायालय में मामला दर्ज किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update