सतना।- सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर चितहरा मोड़ के पास मंगलवार देर रात कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो नाबालिग किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शव सड़क से करीब 50 मीटर दूर मिले।
मृतकों की पहचान पुराने खेर चितहरा निवासी प्रमोद सिंह (17) पिता लेखन सिंह और मोहित सिंह (17) पिता नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर पास के गांव कठौता में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद बाइक (एमपी 19 जेडएच 2201) से घर लौट रहे थे।
टक्कर इतनी तेज कि शव दूर जा गिरे
मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे के अनुसार, चित्रकूट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार (एमपी 19 जेडबी 4144) ने चितहरा मोड़ पर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों किशोरों के शव सड़क के अलग-अलग किनारों पर जा गिरे, जबकि बाइक करीब 50 मीटर दूर पाई गई।
हादसे के बाद चालक फरार
बाइक से टकराने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। बुधवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।