akhbaar update

20 रुपए के विवाद में युवक पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

 


जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र के गुलौआ चौक में मंगलवार सुबह एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महज 20 रुपए के लेन-देन को लेकर हुए झगड़े में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।


जानकारी के अनुसार घायल युवक का नाम प्रवीण केवट है, जो अधारताल क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह होली के अवसर पर अपने रिश्तेदार के यहां गुलौआ आया हुआ था। सुबह के समय उसका अपने रिश्तेदार लकी पटेल उर्फ लकी केवट से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने नाश्ता करने के लिए प्रवीण से 20 रुपए मांगे थे। जब प्रवीण ने पैसे देने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।


देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आरोपी ने चाकू निकालकर प्रवीण पर हमला कर दिया। हमले में प्रवीण को चोट आई, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभाला और पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भिजवाया गया।


शुरुआत में थाना क्षेत्र को लेकर कुछ देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में मदन महल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस टीम आरोपी के घर भी पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update