जबलपुर। ट्रेन में छूटे लाखों रुपये के जेवर और नकदी से भरे पर्स को शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बरामद कर महिला यात्री को वापस सौंप दिया। यह मामला सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात ट्रेन क्रमांक 11046 दीक्षा भूमि एक्सप्रेस का है, जहां यात्रा के दौरान महिला का पर्स कोच में ही छूट गया था।
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि कोच बी-5 की बर्थ नंबर 2 और 8 पर यात्रा कर रहीं संगीता वर्मा (निवासी धनबाद, झारखंड) का पर्स ट्रेन में छूटने की सूचना प्राप्त हुई थी। पर्स में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी हुई थी।
पुलिस टीम ने दिखाई तत्परता
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर एएसआई गोपाल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक धीरेंद्र, आरक्षक गोपाल, नवीन शुक्ला और रविकांत की टीम तत्काल कोच में पहुंची। टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाकर पर्स को सुरक्षित बरामद कर थाने में जमा कराया।
7-8 लाख रुपये के आभूषण और नकदी
जांच के दौरान पर्स में लगभग 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पाई गई। फरियादी महिला के थाने पहुंचने पर आवश्यक पहचान व पुष्टि के बाद पर्स उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।
यात्री ने जताया आभार
महिला यात्री ने जबलपुर जीआरपी की ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की हिफाजत पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा से निभाया जा रहा है।