akhbaar update

महिला हत्याकांड का आरोपी पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला, हाथ बंधे होने से हत्या की आशंका



जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र में छह दिन पहले हुई महिला हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी अंकित बर्मन का शव संदिग्ध हालत में मिला है। दीक्षितपुरा स्थित मंजूतेली कॉलोनी निवासी अंकित का शव माढ़ोताल तालाब के पास एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार सुबह कुछ स्थानीय लोग माढ़ोताल तालाब के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान अंकित बर्मन के रूप में की गई।

हाथ बंधे होने से बढ़ा संदेह

पुलिस ने जब शव को नीचे उतारा तो मृतक के दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बंधे हुए मिले। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस को हत्या की आशंका है। आमतौर पर आत्महत्या के मामलों में इस तरह की स्थिति नहीं होती, इसलिए फॉरेंसिक टीम भी मामले की जांच कर रही है।

महिला हत्या के मामले में था फरार

पुलिस के अनुसार अंकित बर्मन लार्डगंज थाना क्षेत्र में छह दिन पहले हुई एक महिला की हत्या के मामले में आरोपी था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update