जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में शास्त्री ब्रिज पर ड्यूटी से लौट रहे सहायक उप निरीक्षक (ASI) नंदू सिंह सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ASI नंदू सिंह ने बताया कि वे पुलिस लाइन में पदस्थ हैं। बीती रात करीब 10 बजे होली ड्यूटी पूरी कर गोरखपुर थाना क्षेत्र के मांडवा इलाके से अपनी मोटरसाइकिल (MP 20 NK 9856) से पुलिस लाइन लौट रहे थे।
जैसे ही वे शास्त्री ब्रिज पर पहुंचे, सामने से आ रही एक कार के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल ASI वाहन का नंबर नहीं देख सके। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।