जबलपुर। पुलिस लाइन में गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ होली का पर्व मनाया। ड्यूटी की व्यस्तता के बीच जवानों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे परिसर में रंगों की बौछार और खुशी का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान जवानों ने बॉलीवुड के लोकप्रिय होली गीतों पर जमकर डांस किया। वॉटर कैनन इस बार खास आकर्षण का केंद्र रहा। पानी की तेज फुहारों के बीच रंगों में सराबोर पुलिसकर्मी झूमते नजर आए। इससे माहौल और भी रंगीन और खुशनुमा हो गया।
इस मौके पर एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने मंच पर गीत गाकर जवानों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी रोजाना 8 से 12 घंटे तक कठिन ड्यूटी करते हैं। ऐसे आयोजन उन्हें मानसिक तनाव से राहत देते हैं और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने बताया कि होली के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों ने लगातार 72 घंटे तक ड्यूटी की। होलिका दहन से लेकर रंग खेलने तक हर क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परंपरा के अनुसार, पुलिसकर्मी होली के अगले दिन एक साथ मिलकर उत्सव मनाते हैं।
उत्सव के बाद अब सभी जवान अपने-अपने क्षेत्रों में लौटकर फिर से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।