akhbaar update

नरसिंहपुर रेलवे अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी जानकारी

 




जबलपुर/नरसिंहपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत नरसिंहपुर रेलवे अस्पताल में गुरुवार 5 मार्च को एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व और इसके फायदे के बारे में जागरूक किया गया। वर्तमान में यह टीका सभी सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क उपलब्ध है।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव में कारगर

रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने बताया कि ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) का मुख्य कारण है। एचपीवी वैक्सीन को इस कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका माना जाता है। यह टीका सर्वाइकल कैंसर के अलावा पांच अन्य प्रकार के कैंसर से भी सुरक्षा देता है।  उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन कैंसर का इलाज नहीं है, बल्कि इससे बचाव का एक महत्वपूर्ण साधन है। कम उम्र में टीका लगाने से शरीर में पर्याप्त एंटीबॉडी बनती हैं, जिससे भविष्य में एचपीवी संक्रमण का खतरा कम हो जाता है।

9 से 14 वर्ष की किशोरियों के लिए अधिक प्रभावी

डॉ. कुर्रे ने बताया कि 9 से 14 वर्ष की आयु की किशोरियों के लिए यह वैक्सीन सबसे ज्यादा प्रभावी होती है। 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को दो खुराक दी जाती हैं, जबकि 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों को तीन खुराक लेने की सलाह दी जाती है। यह वैक्सीन पुरुषों के लिए भी लाभकारी हो सकती है, क्योंकि यह एचपीवी संक्रमण से बचाव करती है।

जागरूकता अभियान भी चलाया गया

कार्यक्रम के दौरान रेलवे अस्पताल और रेलवे स्टेशन परिसर में घोषणाएं कर लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जिला अस्पताल के सहयोग से भारत सरकार के परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी जागरूकता संदेशों का भी प्रसारण किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे समय पर टीकाकरण कराकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update