भोपाल। राजधानी भोपाल में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते एक कर्मचारी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी डेटा एंट्री ऑपरेटर ज्ञानेंद्र कुमार पटेल लीज नवीनीकरण के बदले 10 हजार रुपये मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही उसने पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये लिए, उसे मौके पर पकड़ लिया।
यह कार्रवाई जवाहर चौक स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में की गई। शिकायत सुल्तानाबाद निवासी रिटायर्ड कर्मचारी दूधनाथ शुक्ला ने की थी।
लोकायुक्त पुलिस ने पहले जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद प्लान बनाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
अब आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।