जबलपुर। जमतरा स्थित नर्मदा नदी के घाट पर दर्दनाक हादसे में दो छात्र तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। घटना को दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है। सोमवार सुबह से एक बार फिर बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
लापता छात्रों की पहचान अंबिकापुर निवासी 22 वर्षीय जॉनी इक्का और अनूपपुर निवासी 22 वर्षीय एडविन जार्ज विंज के रूप में हुई है। जॉनी जबलपुर के सेंट अलायसियस इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई करता था और हॉस्टल में रहता था। वहीं एडविन इंदौर में पढ़ाई करता है और कुछ दिन पहले अपने दोस्त से मिलने जबलपुर आया था।
घूमने गए थे पांच दोस्त
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 3:45 बजे पांच दोस्तों का समूह घूमने के लिए जमतरा घाट पहुंचा था। इनमें जॉनी और एडविन के अलावा आकाश, नितिन और विल्सन भी शामिल थे। घाट पर पहुंचने के बाद दो दोस्त किनारे पर ही बैठे रहे, जबकि बाकी तीन दोस्त नर्मदा में नहाने के लिए उतर गए।
दो दोस्तों को बचाया, खुद बह गए
नहाते समय जॉनी गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए नितिन और आकाश आगे बढ़े, लेकिन तेज बहाव के कारण वे भी फंस गए। यह देखकर एडविन तुरंत नदी में कूद गया। उसने हिम्मत दिखाते हुए पहले नितिन और आकाश को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया।
इसके बाद उसने जॉनी को बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव बहुत तेज था। इसी दौरान एडविन और जॉनी दोनों ही पानी में बह गए और देखते ही देखते नदी की धारा में लापता हो गए।
लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही गौर पुलिस चौकी और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। शुक्रवार शाम से ही तलाश शुरू कर दी गई थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद शनिवार और रविवार को भी दिनभर खोजबीन की गई। सोमवार को एसडीआरएफ और पुलिस ने नदी के निचले इलाकों में भी सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, ताकि दोनों छात्रों का पता लगाया जा सके।