जबलपुर रेल मंडल के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के तहत नागौद से फुलवारी के बीच बने नए ट्रैक पर सफल स्पीड ट्रायल किया गया। इस दौरान ट्रेन इंजन को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर ट्रैक की मजबूती और सुरक्षा जांची गई।
रेल संरक्षा आयुक्त गुरु प्रकाश ने इस पूरे रेल खंड का बारीकी से निरीक्षण किया। करीब 15 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर लगभग 5 घंटे तक जांच चली, जिसमें ट्रैक, पुल, स्लीपर, फाटक और बिजली व्यवस्था जैसे सभी जरूरी हिस्सों को परखा गया।
निरीक्षण पूरा होने के बाद हाई स्पीड ट्रायल किया गया, जिसमें ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित और मानकों के अनुसार पाया गया। इस दौरान रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा और अन्य अधिकारी शामिल थे।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल सफल रहने के बाद इस नए ट्रैक को जल्द ही यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा। इससे इलाके में रेल सुविधा बढ़ेगी और लोगों को आने-जाने में काफी आसानी होगी। साथ ही इस परियोजना से क्षेत्र के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।