जबलपुर। 18 फरवरी की शाम गोल बाजार क्षेत्र में 67 वर्षीय राजाराम विश्वकर्मा पर लाठी और रॉड से हमला कर दिया गया। इस मामले में लार्डगंज थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार राजाराम विश्वकर्मा निजी अस्पताल में बढ़ई का काम करते हैं। आरोपियों ने ठेला बनवाने के बहाने उन्हें गोल बाजार बुलाया। जैसे ही वे अस्पताल से बाहर पहुंचे, चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में उनके दोनों पैर, एक हाथ और गले में फ्रैक्चर हो गया। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले राजाराम के बेटे संदीप का पड़ोसी शुभम जायसवाल से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी सड़क पर शराब पीकर शोर कर रहे थे, जिस पर संदीप ने आपत्ति जताई थी। इसी रंजिश में आरोपियों ने पिता पर हमला किया।
सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि विकास उर्फ विक्की तिवारी और शनि रजक चेरीताल क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। भागने की कोशिश में दोनों को हल्की चोटें भी आईं।
मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल और महेंद्र पटेल अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।