जबलपुर। अधारताल इलाके में गुरुवार रात एक युवक ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक ने शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे थे। महिला के मना करने पर उसने गुस्से में हमला कर दिया।
अधारताल पुलिस के अनुसार, संजयनगर निवासी रामबाई रजक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रात करीब 10 बजे वह घर के बाहर खड़ी थीं। तभी मोहल्ले का राजा रजक वहां आया और शराब के लिए 500 रुपये मांगने लगा।
महिला ने पैसे देने से मना किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने चाकू निकालकर हमला कर दिया। रामबाई ने हाथ से बचाव किया, जिससे उनके बाएं हाथ की हथेली में चोट आई।
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।