जबलपुर। शहर के जॉय स्कूल के संचालक अखिलेश मेबन पर स्कूल के लिए लीज पर मिली जमीन पर अस्पताल बनाने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने जांच कर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि इससे नगर निगम को करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम ने जॉय एजुकेशन सोसायटी को रियायती दर पर करीब 7500 वर्गफुट जमीन 30 साल की लीज पर केवल शैक्षणिक काम के लिए दी थी। आरोप है कि अखिलेश मेबन ने उस जमीन पर स्कूल की जगह अस्पताल का निर्माण शुरू करा दिया।
शिकायत में यह भी कहा गया कि तत्कालीन तहसीलदार के साथ मिलकर जमीन का उपयोग बदल दिया गया और बिना वैध दस्तावेज के जमीन पर मालिकाना हक जताया गया।
जांच में जमीन की वर्तमान कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। ईओडब्ल्यू ने पूरे मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।