akhbaar update

समय पर कर जमा करें, शहर विकास में बनें भागीदार – महापौर अन्नू

 




जबलपुर। नगर निगम ने राजस्व वसूली अभियान तेज कर दिया है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने नागरिकों और करदाताओं से अपील की है कि वे सम्पत्तिकर, जलकर, डोर-टू-डोर शुल्क, किराया, लीज, अनुज्ञप्ति सहित सभी बकाया कर समय पर जमा कर शहर विकास में सहभागी बनें।

समीक्षा बैठक में महापौर ने कहा कि बेहतर सड़कों, स्वच्छ पेयजल और आधुनिक अधोसंरचना के लिए पर्याप्त राजस्व जरूरी है। उन्होंने राजस्व अमले को पिछले वर्ष की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक वसूली का लक्ष्य देते हुए घर-घर संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए। लक्ष्य से अधिक वसूली करने वालों को पुरस्कृत और कम प्रदर्शन पर दंडित करने की घोषणा भी की गई।

निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने 16 संभागों के 79 वार्डों में एक लाख रुपये से अधिक बकाया रखने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बार-बार नोटिस के बाद भी भुगतान न करने पर कुर्की की कार्रवाई और नाम सार्वजनिक करने की चेतावनी दी गई है।

अपर आयुक्त अरविन्द शाह ने रिछाई औद्योगिक क्षेत्र, नया बाजार तथा भारतीय रेल, बीएसएनएल, मध्य प्रदेश विद्युत मंडल, आईटी पार्क और अन्य शासकीय कार्यालयों से भी बकाया कर की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राजस्व प्रभारी डॉ. सुभाष तिवारी, सहायक आयुक्त आनंद मिश्रा सहित सभी संभागीय अधिकारी एवं राजस्व अमला उपस्थित रहा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि समय पर कर भुगतान ही शहर के समग्र विकास की आधारशिला है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update