जबलपुर। शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने 3 फरवरी मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने अलग-अलग व्यस्त इलाकों में कार्रवाई कर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जे हटाए।
अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र में सड़कों पर खड़े अवैध ठेले-टपरों को हटाया गया, जिससे लोगों को आवागमन में राहत मिली। दमोह नाका और बस स्टैंड के पास जोन ऑफिस के पीछे मैदान में किए गए अवैध कब्जे भी हटाए गए। त्रिमूर्ति नगर में मिलेनियम स्कूल के पास उद्यान में हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाकर सरकारी जमीन को मुक्त कराया गया।
इसके अलावा कलेक्ट्रेट से रेलवे स्टेशन तक इंदिरा मार्केट मार्ग पर यातायात में बाधा बन रहे अस्थायी ढांचों को जब्त किया गया तथा कछपुरा ब्रिज के आसपास फैले अतिक्रमण को भी हटाया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी। निगम का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य शहर को व्यवस्थित रखना और नागरिकों को सुरक्षित व सुगम सड़कें उपलब्ध कराना है। कार्रवाई के दौरान नगर निगम का अमला और पुलिस बल मौजूद रहा तथा पूरी कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
