जबलपुर। शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के लिए नगर निगम अब सख्ती दिखा रहा है। इसी क्रम में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने छोटी लाइन फाटक गोरखपुर और सुहागी के डॉ. अब्दुल कलाम आजाद वार्ड का अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने इलाके की सफाई, नालियों और जनसुविधाओं की स्थिति देखी।
निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण की गुणवत्ता तय मानकों के अनुसार नहीं मिली। इस पर निगमायुक्त ने सहायक यंत्री राजनारायण सराफ और उपयंत्री एन. कोंडलू को एक-एक वेतन वृद्धि रोकने का नोटिस जारी किया। वहीं ठेकेदार मानस कंस्ट्रक्शन पर 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
निगमायुक्त ने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति भी जांची और सफाई ठेकेदार को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही नालियों और जल निकासी की स्थिति देखने के बाद अधिकारियों को कहा कि कहीं भी पानी जमा न हो। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के निर्देश भी दिए।